मुश्किल: दिल्ली रूट से हटाई गईं रोडवेज की 10 बीएस-4 बसें, ग्रैप के कारण संचालन पर लगी है रोक
रुड़की(आरएनएस)। दिल्ली में ग्रैप (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) के तहत प्रतिबंध लागू होने का असर रुड़की रोडवेज डिपो पर भी पड़ने लगा है। दिल्ली रूट पर संचालित होने वाली रुड़की डिपो की 10 बीएस-4 बसों के संचालन पर रोक लग गई है। इसके चलते ये बसें फिलहाल डिपो में खड़ी हैं। ऐसे में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ना तय है। खासकर दीपावली पर अपने घर लौटने वाले यात्रियों को बसों की कमी के चलते परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रुड़की रोडवेज बस अड्डे से प्रतिदिन दिल्ली रूट पर करीब 18 बसों का संचालन किया जाता था। इनमें 10 बसें बीएस-4 और आठ बसें सीएनजी की हैं। दिल्ली में एक अक्टूबर से ग्रैप के प्रतिबंध लागू होने के बाद बीएस-4 बसों के प्रवेश पर रोक लग गई है।
दिल्ली रूट पर बीएस-4 बसों के संचालन पर रोक:
अब दिल्ली में केवल निर्धारित मानकों वाली बीएस-6 और सीएनजी बसों को ही संचालन की अनुमति है। इसके चलते रुड़की डिपो की 10 बीएस-4 बसें दिल्ली रूट पर नहीं जा पा रही हैं। बसों का संचालन प्रभावित होने से पहले ही दिन यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, त्योहारी सीजन के चलते आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। दीपावली पर बड़ी संख्या में लोग दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से अपने घर लौटते हैं। ऐसे में बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आठ सीएनजी बसों से दिल्ली रूट पर सेवा जारी रखी जा रही है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इन्हीं बसों के अतिरिक्त फेरे लगवाए जाएंगे।
रुड़की रोडवेज की एजीएम अमिता सैनी ने बताया कि फिलहाल आठ सीएनजी बसों का संचालन दिल्ली के लिए किया जा रहा है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों से डबल चक्कर लगवाकर सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही अतिरिक्त बसों की व्यवस्था के लिए मुख्यालय को भी अवगत करा दिया गया है।
दिल्ली रूट से हटते ही लोकल रूटों को मिली नई बसों की सौगात:
रुड़की डिपो की 10 बीएस-4 बसों के दिल्ली रूट से हटने के बाद निगम ने इनका उपयोग दूसरे मार्गों पर करने की तैयारी की है। बसों को डिपो में खड़ा रखने के बजाय अधिकारियों ने लंबे समय से प्रभावित और नए रूटों पर संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे स्थानीय यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। नई व्यवस्था के तहत रुड़की से टनकपुर के लिए दो बसें संचालित की जाएंगी। बसों की कमी के चलते यह मार्ग पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा था। इसके अलावा हल्द्वानी रूट पर भी बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। अब रुड़की से हल्द्वानी के लिए तीन बसें संचालित होंगी। मुजफ्फरनगर रूट पर भी दो बसें बढ़ाई गई हैं। वहीं, रुड़की से एम्स के लिए भी दो बसों का संचालन शुरू किया गया है। इन बसों का किराया और दूरी ई-टिकटिंग मशीनों में भी फीड कर दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि इन बसों के नए रूटों पर संचालन से लंबे समय से बसों की कमी झेल रहे स्थानीय यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही निगम की खड़ी बसों का भी बेहतर उपयोग हो सकेगा।

