खुलासा: महिला कर्मचारियों से अभद्रता की जांच हुई तो हिस्ट्री सीटर निकला आरोपी सुपरवाइजर
नियुक्ति पर उठे सवाल, मुकदमा दर्ज कर आगे की पड़ताल में जुटी पुलिस
देहरादून(आरएनएस)। पीपीपी मोड पर संचालित एक अस्पताल में महिला कर्मचारियों से अभद्रता और छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने सुपरवाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अस्पताल में संविदा पर कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने आरोपी के खिलाफ ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया था। आरोपी हरिद्वार की एक कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कट दी है। पुलिस के अनुसार, महिला कर्मचारी ने शिकायत में आरोप लगाया था कि सुपरवाइजर शराब के नशे में कई महिला कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली। इसके अलावा वह एक कोतवाली में हिस्ट्रीशीटर भी है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आने के बाद अस्पताल में उसकी नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं एसएचओ कुंदन सिंह राणा ने बताया कि महिला कर्मचारी की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

