स्मरण: बहुचर्चित हत्याकांड में मारी गई अंकिता भंडारी को चार साल बाद भी इंसाफ का इंतजार, कांग्रेस ने वनंत्रा रिसॉर्ट तक मार्च कर उठाई न्याय की आवाज
ऋषिकेश(RNS)।उत्तराखंड की बेटी स्वर्गीय अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय की मांग को लेकर वनंत्रा रिजॉर्ट तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व एवं कोटद्वार जिलाध्यक्ष विकास नेगी की अध्यक्षता में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गंगा भोगपुर तल्ला स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट के समीप पहुंचे। कांग्रेसजनों ने अंकिता भंडारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी के साथ हुई घटना को उत्तराखंड के लिए बेहद पीड़ादायक बताया। नेताओं ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाती रहेगी।
सभा में अंकिता के परिजनों को न्याय और मामले से जुड़े विभिन्न सवालों को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलना केवल एक परिवार का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों के साथ किसी भी तरह का अन्याय होने पर समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
बीन नदी के किनारे दी श्रद्धांजलि
चीला-बैराज मार्ग पर बीन नदी के समीप आयोजित सभा में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने अंकिता की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वातावरण भावुक रहा। नेताओं ने अंकिता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी की स्मृति को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि न्याय की मांग को लेकर उठने वाली आवाज को कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा।
बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उत्तराखंड में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण ने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार के लिए बाहर जाने वाली युवतियों की स्थिति और उनके अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अंकिता की स्मृति को जीवित रखते हुए न्याय की आवाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। सभा के अंत में सभी ने अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि देते हुए न्याय की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।

