शिकंजा: नशे की लत पूरी करने को चुरा ली बाइक, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कलियर। टिन शेड में खड़ी मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में कलियर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूताना निवासी नफीस ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार को वह अपनी मोटरसाइकिल टिन शेड में खड़ी कर जियारत के लिए गया था। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी जब बाइक का कोई पता नहीं चला तो उसने पुलिस से शिकायत की।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने धनौरी एनआईसी तिराहे के पास से आशिक निवासी महमदपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में धनौरी चौकी प्रभारी मुनव्वर हसन, हेड कांस्टेबल इसरार अली और मजीद खान शामिल रहे।

