शिकंजा:  वाहन चोरी के आरोप में दो लोग गिरफ्तार, कब्जे से चोरी के तीन दोपहिया वाहन बरामद

शिकंजा:  वाहन चोरी के आरोप में दो लोग गिरफ्तार, कब्जे से चोरी के तीन दोपहिया वाहन बरामद
Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)।  पुलिस ने वाहन चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बाइकें और एक स्कूटी बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर को अमन की बाइक विशाल मेगा मार्ट के पास कॉम्प्लेक्स की पार्किंग से चोरी हो गई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं सागर अरोरा की बाइक मुख्य बाजार में ग्रोवर फर्नीचर के सामने से चोरी होने के मामले में भी मुकदमा दर्ज हुआ था। एसएसपी अजय गणपति ने घटनाओं के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की सुरागरसी-पतारसी शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन रोड स्थित सेक्शन इंजीनियर कार्यालय के पास झाड़ियों में दो युवक तीन दोपहिया वाहनों के साथ मौजूद हैं और उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों मूल सुकटवा ज्वालापुर बिलासपुर हाल मलसी निवासी मोहम्मद अरमान पुत्र अली हुसैन निवासी मलसी और अरमान पुत्र नन्हे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटा देते थे और उन्हें सुनसान स्थानों अथवा झाड़ियों में छिपा देते थे। ग्राहक मिलने पर चोरी के वाहनों को कम कीमत में बेचने की तैयारी करते थे। दोनों आरोपियों की संयुक्त संलिप्तता सामने आने पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप पंत, दीपक बहुगुणा, कांस्टेबल हरीश रावत, हयात चंद्र और महेश पंचपाल शामिल रहे।

Parvatanchal