शिकंजा: दानपात्र का ताला तोड़कर चोरी करने का आरोपी पांच घंटे में गिरफ्तार
एक लाख रुपए नकद, 1130 सिक्के और 680 नेपाली नोट बरामद
उत्तरकाशी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नंदीगृह में रखे दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने महज पांच घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने 28 वर्षीय आरोपी शुभम नौटियाल को ज्ञानसू के साल्ड बैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई ₹1,60,295 की नकदी, 1130 सिक्के और 680 नेपाली नोट बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को मंदिर के महंत अजय पुरी ने कोतवाली उत्तरकाशी में तहरीर देकर बताया था कि रात में अज्ञात व्यक्ति ने नंदीगृह में रखे दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी धनराशि चोरी कर ली। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने मंदिर परिसर, उत्तरकाशी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सुरागरसी-पतारसी के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने ज्ञानसू निवासी शुभम नौटियाल को साल्ड बैंड के पास दबोच लिया।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
मामले का त्वरित खुलासा करने पर एसपी कमलेश उपाध्याय ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए ₹2,500 का नकद पुरस्कार दिया। वहीं मंदिर के महंत अजय पुरी ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम को ₹11 हजार का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
गिरफ्तार आरोपी: शुभम नौटियाल, पुत्र लक्ष्मी प्रसाद नौटियाल, निवासी ज्ञानसू, उत्तरकाशी, उम्र 28 वर्ष।
बरामदगी: ₹1,60,295 नकद, 1130 सिक्के और 680 नेपाली नोट।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

