सबक: शराब के नशे में पत्नी से कर रहा था मारपीट और हंगामा, पुलिस ने भेज दिया सलाखों के पीछे
देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के सुमननगर, धर्मपुर में शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट कर हंगामा करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी समझाने के बावजूद शांत नहीं हुआ और लगातार हुड़दंग करता रहा, जिसके बाद शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका में उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि सुमननगर धर्मपुर में एक व्यक्ति शराब के नशे में अपने घर पर हंगामा कर रहा है और पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके पर जितेन्द्र डंगवाल शराब के नशे में हो-हल्ला करते हुए शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने उसे समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और उत्तेजित होकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी: जितेन्द्र डंगवाल पुत्र स्व. गिरी डंगवाल, निवासी सुमननगर, धर्मपुर, देहरादून, उम्र 53 वर्ष।

