कामयाबी: नशे की लत पूरी करने के लिए छीनाथा मोबाइल, चोरी की बाइक सहित धर दबोचा पुलिस ने

कामयाबी: नशे की लत पूरी करने के लिए छीनाथा मोबाइल, चोरी की बाइक सहित धर दबोचा पुलिस ने
Spread the love

 

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में राह चलती युवती से मोबाइल फोन छीनने की घटना का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले सहारनपुर निवासी 25 वर्षीय समीर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छीना गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, चमनपुरी, पटेलनगर निवासी मोनिका पुत्री मांगे राम ने 26 अक्टूबर 2026 को कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 26 सितंबर 2026 को लालपुर चमनपुरी के पास मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात व्यक्ति उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 800/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) में मुकदमा दर्ज किया।
सरेराह हुई घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पूर्व में स्नैचिंग और लूट की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों की जानकारी जुटाई गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस की जांच और सुरागरसी के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद 27 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र से समीर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से वारदात में छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी मूल रूप से शेखपुरा कदीम, सहारनपुर का निवासी है और अपने एक साथी से मिलने देहरादून आया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कुछ दिन पहले सहारनपुर से मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसी बाइक से देहरादून पहुंचा था। पटेलनगर क्षेत्र में मौका देखकर उसने राह चलती युवती का मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद वह मोबाइल बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने मोबाइल स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में बरामद मोबाइल और चोरी की मोटरसाइकिल को अहम साक्ष्य माना जा रहा है। घटना का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक एवं बाजार चौकी प्रभारी आशीष कुमार, कांस्टेबल राजदीप और कांस्टेबल विश्वास शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

Parvatanchal