शाबाश: कोटद्वार पुलिस ने 24 घंटे में लुधियाना से महिला और 15 माह के बच्चे को खोज निकाला
कोटद्वार। कोटद्वार पुलिस ने गुमशुदगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला और उसके 15 माह के बच्चे को 24 घंटे के भीतर पंजाब के लुधियाना से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद दोनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी 15 माह के बच्चे को साथ लेकर बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों ने अपने स्तर पर महिला और बच्चे की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर तलाश शुरू कर दी।
गुमशुदगी के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला और बच्चे की शीघ्र तलाश करने के निर्देश दिए। इन निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस और तकनीकी सहायता की मदद से महिला और बच्चे की तलाश शुरू की। जांच के दौरान दोनों के पंजाब के लुधियाना में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में महिला ने पारिवारिक नाराजगी के चलते घर से चले जाने की बात बताई। इसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी कर महिला और बच्चे को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। महिला और बच्चे की सकुशल बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी, उपनिरीक्षक विनोद चपराना, हेड कांस्टेबल करन, कांस्टेबल कुलदीप, महिला होमगार्ड रश्मि और तकनीकी सहायता देने वाले कांस्टेबल अवनीश शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।

