ठगी: साइबर ठगों ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को लगाई 10.74 लाख रुपये की चपत
देहरादून(आरएनएस)। साइबर अपराधियों ने तीन लोगों को अपना शिकार बनाते हुए 10,74,670 रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर संबंधित थानों की पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के खाते से उड़ाए 8.64 लाख रुपये
महिला के खाते से उड़े 8.64 लाख रुपये: बसंत विहार थाना क्षेत्र के चाय बाग, अंबीवाला निवासी नीलम असवाल के पीएनबी बैंक खाते से चार-पांच को सितंबर को 8,64,670 रुपये कट गए। धोखाधड़ी का पता लगने पर उन्होंने साइबर पोर्टल शिकायत की और बसंत विहार थाने में केस दर्ज कराया।
ऑनलाइन मुनाफे के लालच में 1.10 लाख की ठगी: दूसरी घटना नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के अपर राजीवनगर निवासी गौरव रतूड़ी के साथ हुई। पाँच और छह सितंबर को एक अज्ञात वेबसाइट पर अकाउंट बनाकर पैसे जमा करने पर भारी मुनाफे का झांसा दिया गया। शुरुआत में 3,750 रुपये जमा कराकर 5,880 रुपये का फर्जी लाभ दिखाया गया और फिर अलग-अलग किश्तों में कुल 1,10,000 रुपये जमा करा लिए गए। फंसी हुई रकम निकालने के लिए 80 हजार रुपये और मांगे गए। जिसके बाद ठगी का पता लगने पर पीड़ित ने केस दर्ज कराया।
बैंक खाते से एक लाख निकले: तीसरा घटना नेहरू कॉलोनी थाने के शास्त्रीनगर निवासी संजय रमोला के साथ हुई। उनके खाते से बीते 31 अगस्त को साइबर ठगों ने एक लाख रुपये निकाल लिए। ऑनलाइन शिकायत के बाद शनिवार को बसंत विहार थाने में केस दर्ज किया गया है।

