कामयाबी: दून पुलिस की गिरफ्त में आया उप्र का शातिर नकबजन, तलाशी में छह लाख के आभूषण बरामद
देहरादून(आरएनएस) । एसएसपी दून की सटीक रणनीति और पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के चलते डोईवाला क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले उत्तर प्रदेश निवासी एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी ने चोरी की गई सोने की चेन बेचकर जो टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी, उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दिन के समय बंद घरों की रेकी करता था और मौका मिलते ही चिन्हित मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। घटना के बाद अपनी पहचान छिपाने के लिए वह उत्तर प्रदेश स्थित अपने मूल निवास भाग जाता था। आरोपी पूर्व में भी चोरी की कई घटनाओं में जेल जा चुका है और करीब दो माह पूर्व ही जमानत पर बाहर आया था।
05 सितंबर 2026 को पुनीत पुंडीर निवासी चौधरी फार्म, आदर्श कॉलोनी नकरौदा, हर्रावाला, देहरादून ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 04 सितंबर को वह परिवार सहित घर से बाहर गए थे। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी तथा iQOO मोबाइल फोन चोरी हो चुके थे। तहरीर के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा अपराध संख्या 263/2026, धारा 305ए/331(3) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक डोईवाला ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 10 सितंबर 2026 को रेलवे स्टेशन रोड, हर्रावाला, डोईवाला से आरोपी जरीफ अहमद को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की ज्वैलरी, नगदी और अन्य सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की गई सोने की चेन को बेचकर उसने टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह दिन के समय बंद मकानों की रेकी करता था। घर में लोगों की गैरमौजूदगी सुनिश्चित करने के बाद ताला तोड़कर चोरी करता और वारदात के बाद उत्तर प्रदेश भाग जाता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली डोईवाला और थाना रायपुर में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी जेल जा चुका है और करीब दो माह पहले जमानत पर बाहर आया था। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपी का नाम जरीफ अहमद पुत्र अकबर अहमद, निवासी ग्राम टिकार, थाना अरवल, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश। वर्तमान पता—ट्रामा सेंटर नयागांव, हरदोई, उत्तर प्रदेश। उम्र 20 वर्ष है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली डोईवाला और थाना रायपुर में चोरी एवं चोरी की संपत्ति से संबंधित कुल छह मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।

