कांग्रेस: ‘भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज़ बुलंद करें कार्यकर्ता’ ; पार्टी की प्रदेश प्रभारी शैलजा ने बढ़ाया हौसला
देहरादून। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व सांसद कुमारी शैलजा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को जल्द कार्यकारिणी गठित करने और प्रदेशभर में व्यापक दौरे कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए।
कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच मजबूती से आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी विभाग और प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर सक्रिय दिखाई दें और जनता से सीधा संवाद स्थापित करें।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। शैलजा ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस को मजबूत विपक्ष की भूमिका निभानी होगी। आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।
फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों की बैठक के बाद शैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों के साथ भी बैठक की। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस जल्द ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त करेगी। सभी प्रभारी अपने क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करेंगे और संगठन को एकजुट कर आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। उन्होंने पदाधिकारियों से अनुशासन और निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों का तथ्यों के आधार पर विरोध करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बनें। गांव-गांव, बूथ-बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर लोगों से संवाद किया जाए तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे।

