स्मरण: शहीद पुलिसकर्मियों को हरिद्वार पुलिस ने दी श्रद्धांजलि, बलिदान को किया नमन
हरिद्वार। शहीद दिवस के अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।
कार्यक्रम में विगत एक वर्ष के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का स्मरण किया गया। इसके बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। जनपद के अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र और पुष्प अर्पित कर शहीदों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान सेरिमोनियल गार्द ने शहीद पुलिसकर्मियों को शोक सलामी दी। इसके बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों के बलिदान को याद किया। माहौल भावुक रहा। पुलिसकर्मियों ने उन वीर साथियों को सम्मानपूर्वक याद किया, जिन्होंने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्रसेवा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इन वीर जवानों ने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की भी परवाह नहीं की।
उन्होंने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों की शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, साहस और कर्तव्यपरायणता की प्रेरणा देती रहेंगी। उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और पुलिस बल के प्रत्येक जवान को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
शहीद दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बना। उनकी वीरता, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना को नमन करते हुए पुलिसकर्मियों ने जनसेवा और सुरक्षा के अपने संकल्प को दोहराया।

