एक्शन: हरिद्वार में तड़के चार बजे बसों पर बड़ी कार्रवाई, 5 सीज और 5 की फिटनेस रद्द करने की संस्तुति

एक्शन: हरिद्वार में तड़के चार बजे बसों पर बड़ी कार्रवाई, 5 सीज और 5 की फिटनेस रद्द करने की संस्तुति
Spread the love
50 से अधिक वाहनों के चालान, स्लीपर और लग्जरी बसों में सुरक्षा मानकों की जांच
हरिद्वार। यात्री सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने शुक्रवार तड़के हरिद्वार में स्लीपर और लग्जरी बसों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुबह चार बजे शुरू हुए इस अभियान में गंभीर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर पांच बसों को सीज कर दिया गया, जबकि पांच अन्य बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र रद्द करने की संस्तुति की गई। इसके अलावा विभिन्न अनियमितताओं पर 50 से अधिक वाहनों के चालान किए गए।
एआरटीओ हरिद्वार निखिल शर्मा के अनुसार, एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी शामिल रहे। टीम ने स्लीपर और लग्जरी बसों की तकनीकी स्थिति, आपातकालीन निकास, निर्धारित वाहन संरचना, सुरक्षा उपकरणों और परमिट की शर्तों की जांच की।
अभियान के दौरान विशेष रूप से उन बसों पर ध्यान दिया गया, जिनमें स्वीकृत संरचना के विपरीत बदलाव किए जाने, परमिट शर्तों का उल्लंघन करने या यात्री सुरक्षा के निर्धारित मानकों की अनदेखी किए जाने की आशंका थी। जांच में गंभीर खामियां पाए जाने पर पांच बसों को सीज किया गया। वहीं, पांच अन्य बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति की गई।
एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने बताया कि स्लीपर और लग्जरी बसों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का लक्ष्य है कि हरिद्वार जिले की सीमा में प्रवेश करने वाली बसों की जांच सुनिश्चित की जाए और कोई भी बस बिना जांच के जिले से न गुजर सके। इसके लिए विभिन्न मार्गों और प्रवेश स्थलों पर औचक चेकिंग की जाएगी।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई को यात्री सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, अभियान के दौरान सामने आई खामियों को देखते हुए नियमित जांच और नियमों के प्रभावी अनुपालन की आवश्यकता भी सामने आती है।

Parvatanchal