दबंगई: स्पा सेंटर में घुसकर संचालिका से मारपीट करते हुए मांगी एक लाख की रंगदारी, केस दर्ज़

दबंगई: स्पा सेंटर में घुसकर संचालिका से मारपीट करते हुए मांगी एक लाख की रंगदारी, केस दर्ज़
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  जीएमएस रोड स्थित एक स्पा सेंटर में जबरन घुसकर महिला संचालिका के साथ मारपीट, अभद्रता और कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए एक लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी। तहरीर पर वसंत विहार थाना पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ बसंत विहार शैंकी कुमार ने बताया कि रायपुर निवासी ने तहरीर में बताया कि वह जीएमएस रोड पर ब्लू स्टार स्पा का संचालन करती हैं। बीते 30 जून की शाम करीब छह बजे वह अपने स्टाफ के साथ रिसेप्शन पर मौजूद थीं।तभी कुछ लोग जबरन स्पा में घुस आए। उन्होंने स्पा में अवैध कार्य चलने का झूठा आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ बुरी तरह मारपीट की और कपड़े फाड़कर लज्जा भंग की। इस दौरान आरोपियों ने जबरन उनका वीडियो भी बना लिया। एक आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसे एक लाख रुपये नहीं दिए तो वह वीडियो वायरल कर बदनाम कर देगा। जाते-जाते आरोपियों ने अपना नाम समीर कुमार, वंश, कृष्णा पांडेय और अंजलि बताया। उन्होंने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। एसओ ने बताया कि नामजद और उनके अज्ञात साथियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Parvatanchal