शिकंजा: वनकर्मियों पर हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार,पांच सौ के 105 जाली नोट भी बरामद

शिकंजा: वनकर्मियों पर हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार,पांच सौ के 105 जाली नोट भी बरामद
Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)।   कांगड़ी के समीप नहर पटरी वन क्षेत्र में वनकर्मियों पर हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल कार की तलाशी में 500 रुपये के 105 जाली नोट भी बरामद हुए। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद की है। वन आरक्षी ललित कुमार ने शनिवार को कोतवाली श्यामपुर में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह वन आरक्षी अश्विनी कुमार के साथ ड्यूटी पर थे। आरोप है कि पांच लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए दोनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर पटक दिया और बाद में नहर में फेंक दिया। विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया।घटना एक दिन पहले की बताई जा रही है। पांच लोगों के खिलाफ दर्ज मामले में पुलिस ने शिवम कश्यप (27 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश निवासी गली नंबर-5 श्यामपुर, अनुल (30 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश निवासी गली नंबर-5 श्यामपुर और विकास सिंह (27 वर्ष) पुत्र नौबहार सिंह निवासी कांगड़ी, श्यामपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान 500 रुपये के 105 जाली नोट और हमले में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी हैं। सीओ अवनी तिवारी, प्रभारी कोतवाली श्यामपुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Parvatanchal