तहरीर: सेलाकुई में गिरफ्तार बाबा ने पूर्व सैनिक से भी हड़प लिए थे छह लाख रुपए, मामला दर्ज
देहरादून। पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले बाबा राहुल थापा का एक और मामले में केस दर्ज हो गया है। सेलाकुई स्थित वैष्णो देवी मंदिर के महंत रहे इस कथित बाबा ने एक पूर्व सैनिक से कार खरीदने के लिए रखे गए छह लाख रुपये शुद्ध करने के बहाने ठग लिए। आरोपी बाबा राहुल थापा को दून पुलिस धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब कैंट कोतवाली में पीड़ित ने नई शिकायत दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर कैंट एसएस बिष्ट ने बताया कि बिलासपुर कांडली निवासी पूर्व सैनिक होम बहादुर थापा वर्तमान में ओएनजीसी फायर सर्विस में कार्यरत हैं।
उनकी पत्नी आर्मी स्कूल में शिक्षिका हैं। पीड़ित के अनुसार वर्ष 2022 में उनका संपर्क सेलाकुई के तेलपुरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर के महंत राहुल थापा से हुआ था। तब बाबा ने उनके बच्चे के नाम पर पूजा कराने के एवज में डेढ़ लाख रुपये लिए थे। इसके बाद से बाबा का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया और उसने परिवार की पूरी जानकारी जुटा ली। थापा दंपति ने नई कार खरीदने का मन बनाया और यह बात बाबा को बताई तो उसने कहा कि जिस पैसे से कार लेनी है, उसकी शुद्धि करानी पड़ेगी। चार अगस्त 2024 की शाम बाबा उनके घर पहुंचा। उसने एक लकड़ी के बॉक्स में कपड़ा बिछाकर चावल और तीन नारियल रखवाए। इसके बाद दंपति के छह लाख रुपये भी उसी बॉक्स में रखवा दिए। बाबा ने चालाकी से दंपति को छत पर 11 परिक्रमा करने भेज दिया और इसी बीच बॉक्स से नकदी पार कर दी। बाबा ने सख्त हिदायत दी थी कि बॉक्स को दो महीने पूजा के स्थान पर रखना है और दो महीने तक छूना या खोलना नहीं है। सम्मोहन और आस्था के जाल में फंसे दंपति ने 15 अक्तूबर 2024 को जब बॉक्स खोला तो उसमें सिर्फ चावल और नारियल मिले। जब बाबा से पूछताछ की गई, तो उसने किसी औरत का साया और पूजा भंग होने का अंधविश्वासी बहाना बनाकर गुमराह किया और सबूत मिटाने के लिए डिब्बे का सामान नदी में फिंकवा दिया। हाल ही में जब सेलाकुई के ओशिन गुरुंग धोखाधड़ी मामले में बाबा राहुल थापा की गिरफ्तारी की खबर सामने आई तब पीड़ित दंपति को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस के अनुसार पीड़ित के पास बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप चैट मौजूद हैं। पुलिस आरोपी बाबा पर केस दर्ज कर जांच में जुट गई है।

