धोखाधड़ी: प्रॉपर्टी बेचने के नाम पर 50 लाख की ठगी, ईडी-सीबीआई का डर दिखाकर किया ब्लैकमेल

धोखाधड़ी: प्रॉपर्टी बेचने के नाम पर 50 लाख की ठगी, ईडी-सीबीआई का डर दिखाकर किया ब्लैकमेल
Spread the love

देहरादून।  जमीन बेचने के नाम पर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी और फिर ईडी-सीबीआई के झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने के आरोप में राजपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। अदालत के आदेश पर दिल्ली निवासी महिला समेत दो आरोपियों पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आईटी पार्क, सहस्रधारा रोड स्थित हंसमुखी गार्डन एस्टेट निवासी मोहम्मद रिजवान अंसारी ने एसीजेएम तृतीय की अदालत में अपील की। बताया कि वर्ष 2020 में एक परिचित के जरिए उनकी मुलाकात दिल्ली के जामिनानगर, बटला हाउस निवासी गुलनाज और अबुल फजल एन्क्लेव निवासी मोहम्मद अमजद से हुई थी। दोनों ने एक प्रॉपर्टी बेचने के झांसे में 50 लाख रुपये ले लिए। बाद में पता चला कि प्रॉपर्टी की जानकारी फर्जी थी। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गलती मानते हुए उन्हें देहरादून के किरसाली चौक पर एक अन्य प्रॉपर्टी दिलाने का भरोसा दिया। इस बीच गुलनाज ने रिजवान की मुलाकात मुंबई के एक फाइनेंसर से कराई। जिसने रिजवान को 50 लाख रुपये दिए। जैसे ही आरोपियों को रिजवान के पास बड़ी रकम आने का पता चला वे उन पर दबाव डालकर और पैसे ऐंठने लगे। जब रिजवान ने अपने पुराने 50 लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अमजद ने अपने ऊंचे रसूख का रौब गालिब किया। गुलनाज ने व्हाट्सएप पर मंत्रियों, अफसरों और प्रभावशाली लोगों के साथ अपनी तस्वीरें भेजकर उन्हें डराया। आरोपियों ने उन्हें ईडी, सीबीआई और अन्य सरकारी एजेंसियों के झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर रिजवान ने इसी साल अप्रैल में एसएसपी और डीजीपी से शिकायत की। तब कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर गुलनाज और अबुल फजल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Parvatanchal