धोखाधड़ी: भूमि सौदे के नाम पर युवक के साथ 30 लाख रुपए की ठगी का आरोप, मुकदमा दर्ज़

धोखाधड़ी: भूमि सौदे के नाम पर युवक के साथ 30 लाख रुपए की ठगी का आरोप, मुकदमा दर्ज़
Spread the love

रुद्रपुर। भूमि सौदे के नाम पर 30 लाख की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए बाजपुर निवासी एक युवक ने एसएसपी से शिकायत की है। शिकायत में भूमि स्वामियों के साथ ही राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों पर मिलीभगत कर सुनियोजित तरीके से रकम हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। केशवनगर रेलवे कॉलोनी, बाजपुर निवासी अनुज सैनी ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने बिन्दुखेड़ा निवासी गुरदेव सिंह और कुलविंदर सिंह से लगभग 25.24 लाख रुपये में भूमि खरीदने का सौदा किया था। दोनों पक्षों के बीच रजिस्टर्ड एग्रीमेंट टू सेल भी हुआ था। आरोप है कि उन्होंने बैंक ट्रांसफर के माध्यम से 20 लाख रुपये विक्रेताओं को दे दिए। जब उन्होंने भूमि की रजिस्ट्री कराने की बात कही तो विक्रेताओं ने बताया कि भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के लिए अधिग्रहित हो चुकी है, इसलिए फिलहाल रजिस्ट्री संभव नहीं है। आरोप है कि उन्हें विश्वास में लेकर भूमि को राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिग्रहण से मुक्त कराने के नाम पर अलग से 10 लाख रुपये भी ले लिए गए। सैनी का कहना है कि बाद में जानकारी करने पर पता चला कि राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए अधिग्रहित भूमि को अधिग्रहण से मुक्त कराना संभव नहीं है। उनका आरोप है कि शुरू से ही धोखाधड़ी की नीयत से सौदा किया गया और उनकी रकम हड़पने का प्रयास किया गया। शिकायती पत्र में चकबंदी राजस्व निरीक्षक, किच्छा समेत कुछ सरकारी कर्मचारियों पर भी आरोपियों से मिलीभगत कर राजस्व अभिलेखों में हेरफेर करने का आरोप लगाया गया है। यह भी आरोप है कि रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाने पर उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे थे तीन बैंक खाते
दूसरी ओर, नानकमत्ता क्षेत्र के तीन बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी और धोखाधड़ी में किए जाने का मामला सामने आया है। एएसआई की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद खाताधारकों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एएसआई चंचल सिंह के अनुसार, तीन बैंक खातों की जांच में पता चला कि इन खातों का उपयोग विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों से ठगी गई धनराशि प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का बार-बार साइबर ठगी में इस्तेमाल किया गया। आरोपियों ने मोबाइल कॉल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन एप्लिकेशन के माध्यम से लोगों को अधिक निवेश रिटर्न, नौकरी के अवसर, ऑनलाइन ट्रेडिंग में लाभ आदि के झूठे प्रलोभन देकर धनराशि संबंधित बैंक खातों में ट्रांसफर कराई।
जांच में तीनों खातों के ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में इस्तेमाल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, सोनू  पुत्र फुम्मन  निवासी ज्ञानपुर गौड़ी ने अपने बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम मंगाई। वहीं धर्मेंद्र  पुत्र बलवंत  निवासी हरैया द्वारा सोनू  और अन्य लोगों को इस प्रकार की ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शुक्रवार को म्यूल खाताधारक सोनू  निवासी ज्ञानपुर गौड़ी, धर्मेंद्र  और दो अन्य खाताधारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Parvatanchal