दहशत: वन विभाग की जंगल में गश्त तो गुलदार की शहर में, सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरें, वीडियो वायरल
रुद्रप्रयाग। शहर के रिहायशी इलाकों में एक बार फिर गुलदार की धमक से हड़कंप मच गया है। मंगलवार देर रात अपर बाजार क्षेत्र में एक गुलदार को गलियों में घूमते हुए देखा गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गुलदार बेखौफ होकर आबादी वाले क्षेत्र में दाखिल हो रहा है और कुछ देर तक गलियों में घूमता नजर आता है। रात के सन्नाटे में उसकी मौजूदगी ने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी। घटना के बाद से व्यापारियों और निवासियों में भारी दहशत है। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि भोजन और पानी की तलाश में जंगली जानवर अब आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी गुलदार को शहर के बीचों-बीच इस तरह घूमते नहीं देखा। शाम ढलते ही लोग घरों में सिमटने को मजबूर हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। घटना के बाद लोगों में आक्रोश भी देखा गया। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि “वन विभाग जंगल में है, जबकि गुलदार शहर में घूम रहा है। व्यापारियों और मोहल्लावासियों ने वन विभाग से तत्काल गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी तेज करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात के समय अतिरिक्त पुलिस गश्त, मुनादी के जरिए जागरूकता और स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने की अपील की है। बीते एक साल में गुलदारों को कई बार शहरी इलाकों में घूमता हुआ देखा गया है, जिससे लोगों को अपने बच्चों की चिंता सता रही है। जबकि पालतू जानवर भी सुरक्षित नहीं हैं। फिलहाल लोगों को देर रात घर से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। शहर के बीचों-बीच गुलदार की मौजूदगी ने प्रशासन और वन विभाग की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन ने कहा कि घटना के बाद क्षेत्र में जागरूकता अभियान के साथ ही गुलदार पर नजर रखी जा रही है, जिससे कोई बड़ी घटना ना हो।

