हिमाकत: घर में घुसकर फायरिंग व मारपीट करने के आरोप में ग्यारह नामजद समेत कई के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हरिद्वार(आरएनएस)। पथरी थाना क्षेत्र के गांव बोडाहेड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 11 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में गांव बोडाहेड़ी निवासी मुबारिक ने बताया कि गांव के ही शकील, गुलफाम, शहजान, मुस्तकीम उर्फ कल्लू, शमीम, समीर, रिजवान, इमरान, कमरेज और उसमान सहित अन्य लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि 18 जून की रात करीब नौ बजे उनके रिश्तेदार साहिब और सहबान दावत में शामिल होने के लिए उनके घर पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपित हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। तहरीर के अनुसार आरोपियों ने पहले घर के बाहर खड़ी आल्टो कार में तोड़फोड़ की। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी ने हवाई फायरिंग भी की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने घर का गेट बंद कर उन्हें तथा उनके परिजनों और मेहमानों को घेर लिया और लाठी-डंडों, धारदार हथियारों तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में मुबारिक, उनके पुत्र सारिक, भाभी मोमिना तथा रिश्तेदार साहिब और सहबान घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। गंभीर रूप से घायल मोमिना को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च केंद्र रेफर किया गया। वर्तमान में उनका उपचार दून अस्पताल, देहरादून में चल रहा है। पथरी थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

