संदिग्ध परिस्थितियों में 20 वर्षीय युवक 15 दिनों से लापता, पुलिस ने शुरू की खोजबीन

संदिग्ध परिस्थितियों में 20 वर्षीय युवक 15 दिनों से लापता, पुलिस ने शुरू की खोजबीन
Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)।   कोतवाली विकासनगर में 20 वर्षीय युवक की गुमशुदगी दर्ज की गई है। युवक के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा सात जुलाई से लापता है और काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। तहरीर के अनुसार विजयपाल तोमर निवासी ग्राम अपर पष्टा, पोस्ट लांघा, कोतवाली विकासनगर ने बताया कि उनका 20 वर्षीय पुत्र आयुष तोमर कालसी ब्लॉक में कार्य करता है और वहीं रात्रि विश्राम करता था। उनकी बेटे से प्रतिदिन फोन पर बातचीत होती थी, लेकिन 7 जुलाई 2026 की रात तक जब बेटे का फोन नहीं आया तो उन्होंने संपर्क करने का प्रयास किया।हालांकि उसका मोबाइल फोन बंद मिला। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग से जानकारी लेने पर भी पता चला कि आयुष का मोबाइल 7 जुलाई की शाम से बंद है। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। एनसीसी कंपनी के कर्मचारियों ने परिजनों को बताया कि आयुष को 7 जुलाई को दोपहर करीब दो बजे पहाड़ी गली, विकासनगर में मोटरसाइकिल के साथ देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने विकासनगर बाजार में भी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर युवक की खोजबीन शुरू कर दी गई है।

Parvatanchal