विरोध: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में यूथ कांग्रेस का सरकार और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन

विरोध: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में यूथ कांग्रेस का सरकार और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन
Spread the love

नैनीताल(आरएनएस)।  यूथ कांग्रेस की नगर इकाई ने मंगलवार को मल्लीताल पंत पार्क में केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। इस दौरान दिल्ली जंतर-मंतर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज का विरोध किया गया। नगर अध्यक्ष बंटू आर्या के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में वक्ताओं ने घटना को लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला बताया। बंटू आर्या ने कहा कि युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाना मानवीय मूल्यों का हनन है। पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम कबड्वाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए, कहा कि पेपर लीक और बदहाल शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ संवाद के बजाय हिटलरशाही रवैया अपनाया गया। उन्होंने कहा कि छात्राओं पर बल प्रयोग ने सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ नारे की सच्चाई उजागर कर दी है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त करने की मांग भी उठाई।
भवाली में कांग्रेस ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका


वहीं ,दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को नगर कांग्रेस कमेटी भवाली ने नगर अध्यक्ष कंचन सुयाल के नेतृत्व में भवाली चौराहे पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया।कांग्रेस कार्यकर्ता भवाली चौराहे पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष कंचन सुयाल ने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना बेहद निंदनीय है। आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।कहा कि शिक्षा मंत्री प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और केंद्र सरकार को छात्रों के प्रति अपना रवैया बदलना चाहिए। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट, नगरपालिका अध्यक्ष पंकज आर्या, लोकेश जोशी, संजीव भगत, कमलेश बिष्ट, हरेंद्र आर्य, लोकेश कुमार, पवन आर्य, प्रज्वल कुमार, जया कपिल, उषा कन्नौजिया, कुमारी रचना, भानु नेगी, मानवेन्द्र साह सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Parvatanchal