शिकंजा: मोहान चेकपोस्ट पर कच्ची शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक सीज
अल्मोड़ा(आरएनएस)। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भतरौजखान पुलिस ने मोहान चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान 52 पाउच कच्ची शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीओ अल्मोड़ा-रानीखेत बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को मोहान चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या UK-19B-2640 को रोककर तलाशी ली। बाइक चालक दिनेश चंद्र के कब्जे से 52 पाउच कच्ची अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल सीज कर दी। बरामदगी के आधार पर थाना भतरौजखान में एफआईआर संख्या 16/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/72 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश चंद्र (31) पुत्र भोपाल राम, निवासी नारायणपुर मुलिया, रामनगर, नैनीताल के रूप में हुई है।
चेकिंग अभियान में 163 वाहन चालकों पर कार्रवाई, एक वाहन सीज
दूसरी ओर , जिले में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। कस्बों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों के साथ होटल, ढाबे व रिजॉर्ट भी पुलिस की निगरानी में रहे। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 163 वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई, जबकि एक वाहन सीज किया गया। वहीं, अराजकता फैलाने, बिना सत्यापन रह रहे बाहरी व्यक्तियों और न्यूसेंस फैलाने वाले 34 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर थाना-चौकी प्रभारियों और यातायात पुलिस ने शनिवार को जिलेभर में सघन चेकिंग की। पुलिस टीमों ने जनपद के प्रवेश मार्गों के साथ नगर क्षेत्रों, बाजारों, चौराहों और पर्यटन स्थलों के आसपास वाहनों की जांच की। होटल, ढाबे, रिजॉर्ट और रेस्टोरेंटों में भी चेकिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखी गई। पुलिस ने विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने और रैश ड्राइविंग करने वालों पर निगरानी रखी। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों, अराजक तत्वों और हुड़दंगियों पर भी पुलिस की नजर रही। संदिग्ध वाहन, व्यक्ति और वस्तुओं की तलाश के साथ ही बिना सत्यापन रह रहे बाहरी व्यक्तियों की भी जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, अराजकता या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

