शिकंजा: बैंक कर्मी की सुपारी लेने वाला दूसरा शूटर गिरफ्तार, तमंचा व बाइक बरामद
देहरादून(आरएनएस)। बड़ोवाला में बैंक कर्मी सत्यम कुमार पर जानलेवा हमला करने के मामले में दून पुलिस ने फरार चल रहे दूसरे शूटर अंकुर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर पटेलनगर नरेश राठौर ने बताया कि बीते आठ सितंबर को सत्यम की पूर्व प्रेमिका माल्या रहमान के इशारे पर दो बदमाशों ने सत्यम पर जानलेवा फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस 11 सितंबर को एक शूटर अंकित चौहान और मुख्य साजिशकर्ता माल्या को पहले ही जेल भेज चुकी है।11 सितंबर की मुठभेड़ के दौरान अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला था। पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। मंगलवार को पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर अंकुर (20) पुत्र मदन मोहन निवासी आदर्श कॉलोनी, लक्सर (हरिद्वार) को हरभजवाला के पास निर्माणाधीन हाईवे से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके साथी अंकित ने उसे मोटी रकम का लालच देकर हरिद्वार में माल्या से मिलवाया था। माल्या ने ही उन्हें सत्यम की फोटो और अन्य जानकारियां देकर पांच लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया था। वारदात के दिन अंकुर ही बाइक चला रहा था, जबकि पीछे बैठे अंकित ने सत्यम पर गोली चलाई थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास है और उस पर लक्सर में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।

