शिकंजा: बंद मकान का ताला तोड़कर नकबजनी करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
करीब दो लाख के आभूषण और गैस सिलेंडर बरामद, नशे की लत पूरी करने के लिए की थी चोरी
देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर आभूषण और गैस सिलेंडर चोरी करने की घटना का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत के आभूषण और एक गैस सिलेंडर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रवेश विहार, लालढांग, नवादा निवासी जसकरन पाल ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर घर के भीतर से गैस सिलेंडर और ज्वैलरी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पूर्व में चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके आरोपियों का सत्यापन किया और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
जांच के दौरान मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 16 सितंबर को ईंट भट्टा नवादा ग्राउंड स्थित खंडहर के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कुछ दिन पूर्व प्रवेश विहार स्थित बंद मकान का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर और आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पंत (24), निवासी प्रवेश विहार; सुलेमान (19), निवासी प्रवेश विहार; और गोपाल शर्मा (20), निवासी मिनी मसूरी, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों नशे के आदी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि नशे और अन्य जरूरतों की पूर्ति के लिए चोरी की थी। चोरी किए गए आभूषणों को बेचने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
बरामद सामान: करीब दो लाख रुपये कीमत के आभूषण और भारत गैस कंपनी का एक सिलेंडर।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी जोगीवाला उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र बडोनी, कांस्टेबल विपिन सेमवाल, कांस्टेबल कृष्णानंद सेमवाल और पीआरडी योगेश कुमार शामिल रहे।

