मौसम: हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी, श्रद्धालुओं के चेहरे खिले
बर्फ की सफेद चादर से ढका तीर्थस्थल, तापमान गिरने से बढ़ी ठंड
चमोली। सिखों के पवित्र तीर्थ श्री हेमकुंड साहिब में मौसम ने करवट बदल ली है। तीर्थस्थल में सीजन की पहली बर्फबारी होने से चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बर्फबारी का नजारा देखकर यहां पहुंचे श्रद्धालु खासे उत्साहित नजर आए।
हेमकुंड साहिब में अचानक हुई बर्फबारी से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फ गिरने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड बढ़ गई है। श्रद्धालुओं ने बर्फबारी के मनमोहक दृश्यों को अपने कैमरों में कैद किया।
तीर्थस्थल और आसपास की चोटियों पर बर्फबारी से प्राकृतिक सौंदर्य और निखर उठा। वहीं, मौसम में बदलाव के चलते यहां आने वाले श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े साथ रखने और मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।

