शिकंजा: नशा तस्करी में लिप्त चार छात्रों समेत छह युवक गिरफ्तार,44.61 ग्राम हाईप्रोफाइल एमडीएमए ड्रग बरामद

शिकंजा: नशा तस्करी में लिप्त चार छात्रों समेत छह युवक गिरफ्तार,44.61 ग्राम हाईप्रोफाइल एमडीएमए ड्रग बरामद
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  दिल्ली के कुख्यात सिद्धू गैंग के लिए नशा तस्करी में छह आरोपी राजपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। आरोपियों से 44.61 ग्राम हाईप्रोफाइल एमडीएमए ड्रग बरामद किया गया है। आरोपियों में चार छात्र और ज्वेलरी दुकान संचालक परिवार का एक बेटा शामिल है। आरोपियों के खिलाफ राजपुर थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। एसपी सिटी शेयर सुयाल ने बुधवार दोपहर अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट मंगलवार रात थाना पुलिस और एएनटीएफ की टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पहली कार्रवाई में ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाह रिजॉर्ट से नीचे पुल के पास सीएसआई रोड से एक सफेद इग्निस कार में सवार चार आरोपियों को 27.12 ग्राम एमडीएमए के साथ पकड़ा गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई में सहस्रधारा रोड हेलीपैड रोड के पास से दो अन्य आरोपियों को 17.49 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया। एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में तीन दून के संस्थान के और एक जयपुर का छात्र है। आरोपियों के खिलाफ नशा तस्करी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इन्हें भव्य करासी नाम के शख्स ने नशा सामग्री दी थी। पुलिस उसकी भी तलाश में जुट गई है।
यह हुए गिरफ्तार
-अभिषेक थापा (21 वर्ष) निवासी लेन बी, लाडपुर, यह श्री राम इंस्टीट्यूट पटेलनगर में होटल मैनेजमेंट प्रथम वर्ष का छात्र है।
-वैभव ममगांई (21 वर्ष) निवासी आमवाला सौंधोवाली, यह ग्राफिक एरा से बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है।
-श्रीकांत ममगांई (22 वर्ष) निवासी आरके पुरम लोअर अधोईवाला, यह ग्राफिक एरा से बीबीए सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा है।
-वेदांत चौहान (21 वर्ष) निवासी नालापानी रोड, देवलोक कॉलोनी, यह जयपुर स्थित संस्थान से होटल मैनेजमेंट द्वितीय वर्ष का छात्र है।
-रचित शर्मा (21 वर्ष) निवासी लाडपुर, एनडब्ल्यूटी कॉलेज के पास, यह 12वीं पास इसके बाद आगे पढ़ा नहीं।
-चिराग रस्तोगी (24 वर्ष) निवासी तपोवन रोड, इग्नू ऑफिस के पास, इसके परिवार की तपोवन रोड पर ज्वेलरी दुकान है।
सिद्धू गैंग के लिए करते हैं काम:
आरोपी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के गैंग के पैडलर हैं। ये अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए इस नशे के दलदल में उतरे। सिद्धू या उसके एजेंट इन्हें दून में ड्रग उपलब्ध कराते थे। कई बार ये खुद पंजाब, दिल्ली या उत्तर प्रदेश जाकर ड्रग्स लाते थे और कॉलेज के छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचते थे।
एसएसपी ने दिया इनाम, क्षेत्रवासियों ने प्रशंसा पत्र
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने 2500 रुपये इनाम देने की घोषणा की है। इसके साथ ही क्षेत्र के हकुछ लोगों ने कार्रवाई के लिए राजपुर थाने पहुंचकर पुलिस को प्रशंसा पत्र सौंपा।

Parvatanchal