शातिर: फर्जी दस्तावेजों से करा लिया बेटे का आरआईएमसी में एडमिशन, आरोपी विनय कुमार पांडेय गिरफ्तार
देहरादून। आरआईएमसी में अपने बेटे के एडमिशन के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक राणा, सहायक प्रशासनिक और प्रशिक्षण अधिकारी कमांडेंट ने कैंट कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि मास्टर उत्कर्ष कुमार पांडेय पुत्र विनय कुमार पाण्डेय, निवासी ग्राम बिशुनपुरा, पोस्ट जलालपुर, जिला छपरा (बिहार) को योग्यता के अनुसार 24 जनवरी 2023 को राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज में शामिल होने के लिए मंजूरी दे दी गई थी। कैडेटों के माता-पिता द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच करने पर यह पाया गया कि मास्टर उत्कर्ष कुमार पांडेय ने जिला प्रशासन और ब्राइट स्टार पब्लिक स्कूल, जलालपुर के कार्यालयों द्वारा जारी फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, अधिवास प्रमाण पत्र और बोनाफाइड प्रमाण पत्र जमा किया था। हमारे पास मौजूद सभी दस्तावेजों की प्रतियां इस पत्र के साथ संलग्न हैं। आरआईएमसी प्रवेश परीक्षा के दौरान जमा किए गए दस्तावेजों की गहन जांच के बाद यह पता चला कि मास्टर उत्कर्ष कुमार पांडेय के पिता विनय कुमार पांडेय ने प्रवेश के लिए जाली दस्तावेज तैयार किए हैं और गलत जानकारी प्रदान की है। लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक राणा ने पुलिस को दी गई तहरीर में विनय कुमार पांडेय के खिलाफ झूठी सूचना देने और जाली दस्तावेज जमा करने के लिए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विनय कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया है।

