राहत: अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर हस्ताक्षर 19 जून को स्विट्जरलैंड में होंगे

राहत: अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर हस्ताक्षर 19 जून को स्विट्जरलैंड में होंगे
Spread the love

वाशिंगटन/तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच पिछले 3 महीनों से चल रहा तनाव खत्म हो चुका है। दोनों देशों के बीच एक समझौते पर सहमति बन गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान के बाद मध्यस्थता में शामिल पाकिस्तान के प्रधानमंंत्री शहबाज शरीफ ने बताया कि समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर 19 जून को स्विट्जरलैंड में होंगे। उन्होंने कहा कि समझौता होने के बाद अब मध्यस्थ देश इस हफ़्ते कई बैठकों का आयोजन करेंगे।
शरीफ ने एक्स पर लिखा, काफ़ी बातचीत के बाद, हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो गया है। दोनों पक्षों ने लेबनान समेत सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई को तुरंत और हमेशा के लिए रोकने का ऐलान किया है। इस समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर समारोह शुक्रवार, 19 जून को स्विट्जरलैंड में होगा। हम विवाद का कूटनीतिक समाधान खोजने की अपनी प्रतिबद्धता के लिए अमेरिका-ईरान का धन्यवाद करना चाहते हैं।
शरीफ ने आगे कहा, हम इस समझौते तक पहुंचने में मदद के लिए मध्यस्थता की कोशिश में शामिल अपने भाइयों, कतर का भी दिल से आभार व्यक्त करते हैं। मैं सऊदी अरब और तुर्की के दूरदर्शी नेतृत्व का विशेष रूप से धन्यवाद करना चाहता हूं। अब जब समझौता हो गया है, तो मध्यस्थ इस हफ़्ते कई बैठकों का आयोजन करेंगे। समझौते को लागू करने से पहले की ये चर्चाएं तकनीकी बातचीत और आधिकारिक हस्ताक्षर समारोह के लिए आधार तैयार करेंगी।
अमेरिका-ईरान के बीच समझौता होने पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, इस समझौते में तुरंत और हमेशा के लिए युद्ध-विराम, होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और आगे की बातचीत के लिए एक रूपरेखा तैयार करने की व्यवस्था है। मैं पाकिस्तान, कतर, मिस्र, सऊदी अरब, तुर्की और क्षेत्र के अन्य देशों की भी बहुत सराहना करता हूं, जिन्होंने शांति समझौते रचनात्मक भूमिका निभाई।

Parvatanchal