राज-काज: समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आयुक्त की मातहतों को हिदायत
नई टिहरी(आरएनएस)। जनता मिलन कार्यक्रम में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर अन्य समस्याओं पर समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने सीएम हेल्प लाइन में दर्ज शिकायतों पर चर्चा कर अवशेष शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा है।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में डीएम नितिका खंडेलवाल ने गढ़वाल आयुक्त को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रगति से अवगत कराया। आयुक्त ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के एक शिकायतकर्ता से दूरभाष पर बात कर स्थिति की जानकारी ली।श्रीदेव सुमन विवि को शिकायतों के निस्तारण के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने को कहा। मंदार जिला पंचायत सदस्य विजयपाल सिंह रावत ने ढुंग मंदार क्षेत्र में राष्ट्रीय बैंक खोलने और सेमंडीधार खेल मैदान का विस्तार करने की मांग की। प्रतापनगर के भैंगा निवासी अमित सिंह ने चोरी का सामान बरामद कराने की मांग की।चामी गांव की सोहनलता रावत ने खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर हटाने, विवेकानंद सकलानी ने वृक्ष मानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी की विरासत के संरक्षण हेतु आर्थिक सहायता देने, चंबा निवासी राजेंद्र सिंह के कृषि ऋण की मांग की। लोनिवि को बलवीर परमार की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। भौनियाड़ा निवासी सुमति देवी ने पुत्री के विवाह हेतु आर्थिक सहायता देने की मांग की। कार्यक्रम में दर्ज 80 शिकायतों में से आयुक्त ने अधिकतर का निस्तारण किया। इस मौके पर एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, डीएफओ पुनीत तोमर, एडीएम शैलेंद्र नेगी और डीडीओ मो. असलम आदि मौजूद थे।

