एक्शन: मानसिक बीमार व्यक्ति की जमीन हथियाने के षड्यंत्र में 12 लोगों पर मुकदमा दर्ज़
देहरादून(आरएनएस)। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के मल्हान ग्रांट में एक गिरोह ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे करोड़ों की जमीन हड़पने का प्रयास किया। नई दिल्ली निवासी पीड़ित ने एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल से शिकायत की। उनके निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नई दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी अशोक गोयल ने शिकायत में कहा कि उनकी मल्हान ग्रांट में खाता संख्या 86 में पुश्तैनी जमीन है। जिसका कानूनी रूप से बंटवारा हो चुका है। उनके चाचा स्व. संदीप गोयल लंबे समय तक क्रोनिक सिजोफ्रेनिया (गंभीर मानसिक बीमारी) से पीड़ित थे। आरोप है कि उनकी इस बीमारी का लाभ उठाते हुए सहारनपुर और देहरादून के कुछ लोगों ने एक संगठित गिरोह बनाकर फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लिए और जमीन पर कब्जा जमाने का प्रयास करने लगे। शिकायतकर्ता के अनुसार प्रफुल्ल शर्मा और रजिस्ट्री घपले में गिरफ्तारी के बाद जेल में मारे गए कुंवर पाल सिंह के परिजनों समेत कई अन्य लोग इस षड्यंत्र में शामिल हैं। आरोप है कि बीती 12 जुलाई 2026 को इन लोगों ने जबरन जेसीबी मशीन लाकर अशोक गोयल की संपत्ति की सुरक्षा के लिए लगाई गई तारबाड़ को तोड़ दिया। जब वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनका विरोध किया तो फर्जी दस्तावेज दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
इन पर दर्ज हुआ मुकद्दमा
इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रफुल्ल शर्मा निवासी एकता विहार, सहस्रधारा रोड, सहारनपुर निवासी अभिनव सिंह, अभय सिंह, पूनम चौधरी, रईस अहमद निवासी क्लेमटाउन, मंजर आलम निवासी क्लेमनटाउन, नरेश निवासी मेघवाल कॉलोनी नयागांव, उम्मेद, निवासी रतनपुर नयागांव, रविंद्र सिंह निवासी मल्हान गांव, पटेलनगर, हरेंद्र , मनोज व विजय सिंह निवासी अज्ञात। पुलिस तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

