बेख़ौफ़: पुरानी रंजिश में गवाह पर जानलेवा हमले का आरोप, फायरिंग से मचा हड़कंप

बेख़ौफ़: पुरानी रंजिश में गवाह पर जानलेवा हमले का आरोप, फायरिंग से मचा हड़कंप
Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)।  मुकदमे में गवाही देने से नाराज लोगों पर बहादुरपुर जट निवासी जुलफान और उसके स्वजन से मारपीट का आरोप लगा है। उनकी स्कार्पियो में तोड़फोड़ की गई। फायरिंग का भी आरोप है। इसके बाद रास्ते में मिले तीन युवकों पर भी हमला किया गया। पुलिस ने पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार जुलफान ने तहरीर में बताया कि गांव निवासी धर्मेंद्र के खिलाफ दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 170/2025 में वह गवाह है। इसी को लेकर धर्मेंद्र उससे रंजिश रखता है। रविवार रात करीब 12:05 बजे जुलफान अपने पुत्र सत्तार और गफ्फार के साथ स्कार्पियो से ज्वालापुर से घर लौट रहा था।
आरोप है कि मार्केट के पास धर्मेंद्र, अनुज, हिमांशु, कार्तिक और अंकित समेत 15-20 अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। गवाही देने को लेकर धमकाते हुए जुलफान को गाड़ी से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों से पीटा। स्कार्पियो में भी तोड़फोड़ की गई। जुलफान और उसके पुत्र किसी तरह वहां से निकल गए। तहरीर में धर्मेंद्र और हिमांशु पर पीछे से फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
तीसरे पक्ष के युवक पर हमला: जुलफान के अनुसार उनके आगे निकलने के बाद फैजान, जावेद और अमजद घर जा रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी रोक लिया और लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। तीनों को गंभीर चोटें आईं। उनके चिकित्सा प्रमाण पत्र तहरीर के साथ लगाए गए हैं। एसओ पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच होगी।

Parvatanchal