बेख़ौफ़: कनखल में महिला से चेन स्नेचिंग, बेटी समेत हो गई घायल
बाइक सवार ने लात मारकर गिराई स्कूटी, सोने की चेन तोड़कर हुआ फ़रार
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में तीन साल की बेटी के साथ स्कूटी से घर लौट रही महिला से बाइक सवार बदमाश ने चेन स्नेचिंग कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने महिला की स्कूटी में लात मारकर उसे बेटी समेत सड़क पर गिरा दिया। हादसे में महिला और उसकी मासूम बेटी घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी सोने की चेन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गणपति धाम फेस-3 निवासी रितू पत्नी मुनीश कुमार के अनुसार, 20 सितंबर को वह अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ बूढ़ी माता मंदिर गई थीं। दोपहर में स्कूटी से घर लौटते समय लक्सर रोड स्थित राज पैलेस के पास पीछे से एक बाइक सवार उनके पास पहुंचा। आरोप है कि बाइक सवार ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और धमकी दी कि वाहन नहीं रोकने पर वह उन्हें और उनकी बेटी को नीचे गिरा देगा।
महिला के मुताबिक, आरोपी ने उनके गले में पहनी सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। उन्होंने विरोध किया तो बाइक सवार ने लात मारकर स्कूटी गिरा दी। स्कूटी के सड़क पर गिरते ही महिला और उनकी बेटी घायल हो गईं। इसी दौरान आरोपी उनके गले से चेन तोड़कर बाइक से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को संभाला।
महिला ने बताया कि घटना के बाद वह पहले अपनी घायल बेटी के इलाज में जुट गईं। उनके पति भी कंपनी के काम में व्यस्त थे। इसके चलते उन्होंने गुरुवार को पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शुक्रवार को शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वारदात वाले क्षेत्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर बाइक सवार की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी जानकारी जुटा रही है।

