बड़ी खबर: बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती, घर में घुसकर महिलाओं से कर डाली लाखों की लूट
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के एक घर में बुधवार तड़के बदमाशों का कहर टूट पड़ा। बदमाशों द्वारा घर में मौजूद महिलाओं को हथियारों के दम पर आंतकित करते हुए उनके घर से लाखों की नगदी व जेवरात लूट लिये गये। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल शुरू कर दी है।
मामला मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के आकाशदीप एनक्लेव फेस टू का है। यहां बुधवार की सुबह तीन बदमाशों ने घर में घुसकर महिलाओं से लाखों रुपए की नगदी एवं जेवरात लूट लिए। जानकारी के अनुसार, बहेड़ी रुहाना निवासी आशीष कुमार त्यागी अपने परिवार सहित मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के आकाशदीप एनक्लेव फेस टू में अपना मकान बना कर रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह मंगलवार रात अपने गांव गए थे घर में उनकी मां,पत्नी और बहन मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह करीब तीन बजे उन्हें घर में कुछ सामान गिरने की आवाज आई तो उन्होंने उठकर देखा कि तीन बदमाश घर में घुस गए हैं। घर में मौजूद महिलाओं ने उनका विरोध किया तो उन्होंने महिलाओं से मारपीट कर डाली और आतंकित करते हुए घर में रखे लगभग सवा दो लाख रुपये नगद, सोने के जेवरात, जिनकी कीमत 30 से 31 लाख रुपए है, लेकर फरार हो गए। वहीं बदमाशों के जाने के बाद मामले की जानकारी आशीष त्यागी की पत्नी ने उन्हें और पड़ोसियों को दी। जिसके बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और इसकी सूचना मंगलौर कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर इसकी पड़ताल की। पीड़ित ने बताया कि उनके द्वारा लिखित रूप से पुलिस को शिकायत दे दी गई है। इस बारे में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले में जानकारी जुटाई जा रही है।

