फजीहत: राष्ट्रपति ट्रंप के सीजफायर के दावे के बीच गाजा में इजरायल ने किया हमला, 18 की मौत
यरुशलम/गाजा(RNS)। गाजा और इजरायल युद्ध में राष्ट्रपति ट्रंप की एक फिर फजीहत हुई है. ट्रंप के सीजफायर का दावा करने के बाद से इजरायल ने लगातार दूसरे दिन गाजा पर हवाई हमले किए. गाजा में इजरायल के हवाई हमले लगातार दूसरे दिन भी जारी रहे. फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को हुए हमलों में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई. वहीं इजरायल के मंत्री ने समझौते से इनकार करते हुए ट्रंप के दावे को झूठा ठहराया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि पिछले साल हुए युद्धविराम समझौते को लागू कराने की कोशिशों में प्रगति हुई है. लेकिन इसके बावजूद गाजा में हिंसा थमती नहीं दिख रही है. स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, रविवार तड़के इजरायल के लड़ाकू विमानों ने उत्तरी गाजा शहर, मध्य गाजा के दीर अल-बलाह और दक्षिणी इलाके खान यूनिस में कई हवाई हमले किए। अधिकारियों का कहना है कि इन हमलों में हाल के हफ्तों की तुलना में सबसे ज्यादा लोगों की जान गई है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा था कि हमास और अन्य फिलिस्तीनी सशस्त्र समूह हथियार छोड़ने (निरस्त्रीकरण) पर सहमत हो गए हैं. उनके इस बयान के बाद उम्मीद जगी कि गाजा में जारी युद्ध खत्म करने की दिशा में बड़ी प्रगति हो सकती है.
इजरायल के ऊर्जा मंत्री एली कोहेन ने कहा कि सरकार हमास को हथियार छोड़ने का मौका देगी, लेकिन उन्हें इस बात पर काफी संदेह है कि हमास वास्तव में ऐसा करेगा. एली कोहेन प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के सुरक्षा मंत्रिमंडल के सदस्य भी हैं. कोहेन ने इजरायल के आर्मी रेडियो को बताया कि गाजा पर हमले रोकने के लिए कोई समझौता नहीं हुआ है और उनका मानना है कि अगर हमास हथियार नहीं डालता है तो इजरायल, जो पहले से ही इस क्षेत्र के 70 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण रखता है, को इस पर पूरी तरह से नियंत्रण कर लेना चाहिए.
इजरायल के ऊर्जा मंत्री एली कोहेन ने कहा कि अमेरिका के साथ हुई बातचीत में इजरायल का साफ रुख है कि हमास का पूरी तरह खात्मा होना चाहिए. उन्होंने कहा कि यही सबसे पहली और सबसे जरूरी शर्त है. वहीं, रविवार को प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय के एक प्रवक्ता ने रॉयटर्स को बताया कि इजरायल ने हमास के निरस्त्रीकरण (हथियार छोड़ने) की अमेरिकी योजना को लेकर अपनी चिंताएं वॉशिंगटन के सामने रखी हैं। यानी, इजरायल इस प्रस्ताव पर पूरी तरह आश्वस्त नहीं है और उसे इसके सफल होने पर संदेह है.
इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता डोरोन स्पीलमैन ने कहा कि इजरायल की सबसे बड़ी शर्त यह है कि हमास पूरी तरह हथियार छोड़ दे. उनका कहना है कि जब तक हमास का पूरी तरह निरस्त्रीकरण नहीं होता, तब तक किसी भी समझौते या अगले कदम पर आगे बढ़ना संभव नहीं है. इस बीच, गाजा में इजरायल के हवाई हमले लगातार जारी हैं. चिकित्साकर्मियों के मुताबिक, कई तंबुओं, मकानों और अपार्टमेंटों को निशाना बनाया गया.
फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मध्य गाजा के दीर अल-बलाह में हुए हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई. वहीं, नागरिक आपातकालीन सेवा के अनुसार, दक्षिणी गाजा के खान यूनिस के पास मावासी इलाके में एक अन्य हमले में पांच लोग घायल हुए और कई तंबुओं में आग लग गई.

