दुखद: दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, एक युवक की दर्दनाक मौत, दूसरे की हालत गंभीर
रामनगर। यहां दो बाइकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक बाइक पर सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, दूसरे बाइक पर सवार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा इतना भयानक था कि दोनों बाइकें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं।
मिली जानकारी के मुताबिक, बीती देर रात रामनगर-काशीपुर मार्ग पर तेलीपुरा के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को आनन-फानन में राजकीय संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं, काशीपुर ले जाते समय रामनगर के टेडा रोड लखनपुर निवासी प्रशांत रावत की मौत हो गई। जबकि, मौलेखाल निवासी भरत घायल हुआ है। उसकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लिया। साथ ही हादसे के कारण के बारे में जानकारी ली। पुलिस की मानें तो टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

