दुखद: बेटे की मौत से टूटी मां ने सरयू में कूदकर दे दी जान
14 वर्षीय इकलौते बेटे की अचानक मौत के बाद सदमे में उठाया कदम, घाट में नदी से बरामद हुआ शव
पिथौरागढ़। मड़ेगांव (वड्डा) में शनिवार को एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। 14 वर्षीय इकलौते बेटे जतिन की अचानक मौत के बाद उसकी मां पूनम देवी उर्फ पुष्पा गहरे सदमे में आ गईं। अस्पताल से निकलने के बाद वह घाट क्षेत्र पहुंचीं और सरयू नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव में बहने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने नदी से उसका शव बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मड़ेगांव निवासी कैलाश चंद्र का 14 वर्षीय बेटा जतिन शनिवार सुबह रोज की तरह झौलखेत मैदान में दौड़ने गया था। दौड़ने के बाद घर लौटते समय रास्ते में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। पीछे से आ रहे कुछ बच्चों ने उसे देखा और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जतिन की मां पूनम उसे टैक्सी से जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में अचानक तबीयत बिगड़ना मौत का कारण बताया जा रहा है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच के बाद स्पष्ट होगी।
बेटे की मौत की खबर से पूनम गहरे सदमे में थीं। बताया गया कि अस्पताल से निकलने के बाद उन्होंने मुंह कपड़े से ढका और देवसिंह पार्किंग पहुंचीं। वहां से वह गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी में बैठ गईं। पिथौरागढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर घाट क्षेत्र में उन्होंने कुछ सामान लेने की बात कहकर चालक से वाहन रुकवाया।
वाहन रुकते ही वह अचानक नीचे उतरीं और सरयू नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में कूदते देख वहां मौजूद एक होटल स्वामी ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और नदी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण वह महिला तक नहीं पहुंच सके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद महिला का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही दिन परिवार में बेटे और मां की मौत से मड़ेगांव क्षेत्र में शोक की लहर है।

