आवाज़: निशा पांचाल आत्महत्या मामले में गिरफ्तारी न होने पर कोतवाली पहुंचे लोग, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
डोईवाला। चांदमारी निवासी निशा पांचाल की आत्महत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार देर शाम बड़ी संख्या में लोग डोईवाला कोतवाली पहुंचे और आरोपी गुरजीत सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि डोईवाला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-17 चांदमारी निवासी निशा पांचाल ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पति अनिल पंचाल ने पड़ोसी गुरजीत सिंह पर गंभीर आरोप लगाए।
अनिल पंचाल का आरोप है कि गुरजीत सिंह पिछले करीब चार वर्षों से उनके परिवार को परेशान कर रहा था। उनका कहना है कि कथित उत्पीड़न के चलते उनकी पत्नी मानसिक रूप से तनाव में थी। परिवार का यह भी आरोप है कि गुरजीत सिंह के खिलाफ पहले भी डोईवाला थाने में कई बार शिकायतें और प्रार्थना पत्र दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
परिजनों के मुताबिक लंबे समय से चले आ रहे विवाद और तनाव के बीच निशा ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मृतका के पति की तहरीर के आधार पर डोईवाला पुलिस ने गुरजीत सिंह पुत्र पूरन सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है।
हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के दो दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इसी को लेकर शुक्रवार देर शाम लोग कोतवाली पहुंचे और धरना-प्रदर्शन करते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है तो पुलिस को जांच के साथ-साथ आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी तेजी से करनी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

