शिकंजा: पुलिस ने किया जौलीग्रांट स्थित मोबाइल शॉप में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी किए गिरफ्तार
नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए की थी चोरी, 23 मोबाइल बरामद; वारदात में इस्तेमाल वर्ना कार सीज
देहरादून। डोईवाला पुलिस ने जौलीग्रांट स्थित मोबाइल शॉप में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 18 की-पैड मोबाइल और पांच स्मार्टफोन समेत कुल 23 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। वारदात में इस्तेमाल वर्ना कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए पहले मोबाइल शॉप की रेकी की और मौका देखकर दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल चोरी कर लिए। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने वारदात के दौरान अपनी कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट भी हटा दी थी।
ताला तोड़कर उड़ाए थे मोबाइल
16 सितंबर को मिस्सरवाला निवासी गौरव राठौर ने डोईवाला कोतवाली में शिकायत दी थी कि जौलीग्रांट के हिमालयन चौक स्थित उनकी ग्लोबल मोबाइल स्टोर की दुकान का रात में ताला तोड़कर चोर स्मार्टफोन और जियो व इंटेल कंपनी के की-पैड मोबाइल ले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने पूर्व में नकबजनी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों की जानकारी जुटाई। साथ ही स्थानीय सूचना तंत्र सक्रिय करने के साथ घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
चेकिंग में पकड़े गए तीनों
18 सितंबर को डोईवाला पुलिस हरिद्वार-भानियावाला मार्ग पर सौंग नदी पुल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान HR71F-6756 नंबर की वर्ना कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीन युवकों के पास से अलग-अलग कंपनियों के 23 मोबाइल बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने इन मोबाइल को जौलीग्रांट की मोबाइल शॉप से चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर मोबाइल कब्जे में ले लिए और वारदात में इस्तेमाल कार को सीज कर दिया।
तीनों आरोपी हरिद्वार के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैफुल रहमान (22), फरीद (19) और इजहार (19) के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से खेलपुर नसरूलापुर, थाना भगवानपुर, हरिद्वार के रहने वाले हैं और वर्तमान में मोहब्बेवाला, क्लेमेन्टाउन क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक शैफुल ग्राफिक एरा के पास फास्ट फूड कैफे चलाता है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जौलीग्रांट क्षेत्र में पहले रेकी की थी। इसके बाद दुकान को निशाना बनाया और मौका देखकर ताला तोड़कर नए मोबाइल फोन चोरी कर लिए।
इजहार पर पहले से दर्ज हैं चोरी के मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इजहार पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ भगवानपुर और गंगनहर थाने में चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास में 2025 और 2026 में दर्ज चार मुकदमों का उल्लेख किया है।

