दहशत: राह चलते मंदबुद्धि युवक पर झपटा गुलदार, आस-पास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर भागा

दहशत: राह चलते मंदबुद्धि युवक पर झपटा गुलदार, आस-पास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर भागा
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)।  पौड़ी-कोटद्वार हाईवे पर केटीआर वन प्रभाग के स्वागती केंद्र के समीप शनिवार रात एक युवक पर गुलदार ने हमला कर दिया। युवक के पैरों पर खरोंचें आईं। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।नेपाली मूल का एक युवक जो अक्सर सिद्धबली मंदिर और स्वागती केंद्र क्षेत्र के आसपास घूमता रहता है। शनिवार रात करीब 10 बजे निर्माणाधीन हस्तशिल्प बाजार परिसर में मौजूद था। इसी दौरान अचानक एक वन्यजीव ने उस पर हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर रात में टहल रहे लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाया जिससे वन्यजीव वहां से भाग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पर हमला करने वाला जानवर गुलदार था। हमले में युवक के पैरों पर मामूली चोटें और खरोंचें आईं। युवक मंदबुद्धि बताया जा रहा है, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक अधिकांश समय स्वागती केंद्र के आसपास ही रहता है। इससे पहले भी उस पर दो बार वन्यजीव हमला कर चुका है।  वहीं, कोटद्वार के रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि युवक पर वन्यजीव के हमले की सूचना मिली थी। युवक को मामूली खरोंचें आई हैं। उन्होंने बताया कि युवक को कई बार बाजार क्षेत्र में रहने की सलाह दी गई है, लेकिन वह घटनास्थल के आसपास ही घूमता रहता है। उपचार के बाद वह फिर से उसी क्षेत्र में पहुंच गया था।

Parvatanchal