दहशत: यमकेश्वर के गांवों में गुलदार की सक्रियता से पसरा ख़ौफ़, ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति रोष

दहशत: यमकेश्वर के गांवों में गुलदार की सक्रियता से पसरा ख़ौफ़, ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति रोष
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)।  यमकेश्वर ब्लॉक की न्याय पंचायत किमसार के गुलदार प्रभावित देवराना गांव में बुधवार को ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वन विभाग व क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 20 दिनों में गुलदार के हमलों में तीन लोग घायल हो चुके हैं लेकिन वन विभाग ने अब तक हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।कांग्रेस कार्यकर्ता बुधवार को देवराना गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार के लगातार हमलों से गांव में दहशत का माहौल है। लोग अकेले घर से निकलने से भी डर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग और क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी कर शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।इस दौरान ग्राम प्रधान संगठन की ओर से लालढांग रेंज अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि देवराना गांव में पिछले एक माह से गुलदार की दहशत बनी है। गुलदार के हमले में राजेंद्र सिंह, उर्मिला देवी और प्रमिला देवी घायल हो चुके हैं। इसके अलावा एक बकरी और दो बैलों पर भी हमला कर उन्हें घायल किया गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार वन विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को स्थिति से अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने गांव में तत्काल पिंजरा लगाने, वनकर्मियों की नियमित गश्त बढ़ाने तथा हमलों में घायल लोगों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत सदस्य जयहरी, कमलेश ग्वाड़ी, अमित देवरानी, मनोज ग्वाड़ी, सुनील उनियाल शामिल थे।

Parvatanchal