दहशत: आपसी लड़ाई में गुस्साए हाथी ने वन गुज्जर की भैंस को पटककर मार बाला

दहशत: आपसी लड़ाई में गुस्साए हाथी ने वन गुज्जर की भैंस को पटककर मार बाला
Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)।  बिरिया मझोला गांव से सटे किलपुरा रेंज के जंगल में बुधवार सुबह एक हाथी ने भैंस को पटककर मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने जंगल में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की अपील की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह किलपुरा रेंज के कंपार्टमेंट नंबर-18 में दो नर हाथी आपस में लड़ते हुए जंगल के किनारे बगईया नाले के पास पहुंच गए। उस समय वहां भैंसों का एक झुंड पानी में नहा रहा था। भैंसों को देखते ही एक हाथी अचानक आक्रामक हो गया और उनकी ओर दौड़ पड़ा। हाथी को देखकर झुंड में भगदड़ मच गई, लेकिन एक भैंस उसके चपेट में आ गई। हाथी ने उसे सूंड़ और दांतों की मदद से उठाकर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृत भैंस बिरिया मझोला निवासी अब्दुल करीम गुर्जर की थी। घटना के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने हाथी के उत्पात का वीडियो भी बना लिया। सूचना मिलने पर मझोला वन चौकी के वॉचर ने विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद वन दरोगा अवतार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया। वन दरोगा अवतार सिंह ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि हाथी दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें और किसी भी स्थिति में उनके पास जाने का प्रयास न करें। (फोटो: सोशल मीडिया)

Parvatanchal