ऐलान: ईरान के साथ युद्धविराम खत्म हुआ, अब नहीं करना चाहते डील, वे बहुत बुरे और बीमार लोग
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान
अंकारा(RNS)। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम समझौता अब खत्म हो गया है। तुर्की के अंकारा में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने ये बात कही। ट्रंप ने आगे कहा, मेरे लिए, मुझे लगता है कि यह सब खत्म हो चुका है। मैं ईरानियों से निपटना नहीं चाहता। वे बीमार लोग हैं।
अंकारा में ट्रंप नाटो प्रमुख मार्क रुट्टे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस दौरान एक पत्रकार ने उसने पूछा कि क्या ईरान के साथ युद्धविराम और 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन खत्म हो गया है। इस पर ट्रंप ने कहा, मेरे लिए, मुझे लगता है कि यह सब खत्म हो चुका है। मैं ईरानियों से निपटना नहीं चाहता। वे नीच हैं, वे बीमार लोग हैं। उनका नेतृत्व बीमार लोग कर रहे हैं और वे क्रूर, हिंसक लोग हैं।
ट्रंप ने आगे कहा, हमने कल रात ईरान के बेहद खतरनाक लोगों पर बहुत जोरदार हमला किया। उनमें कुछ गड़बड़ है। हम कहते हैं, जाओ और अपने अंतिम संस्कार के काम करो, लेकिन इसके बजाय उन्होंने कल जहाजों पर रॉकेट दागने शुरू कर दिए। इसलिए हमने कल रात उन पर बहुत कड़ा प्रहार किया। ट्रंप ने ये टिप्पणी अमेरिकी सेना द्वारा ईरान के 80 से भी ज्यादा ठिकानों पर किए हमले को लेकर आई है।
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान एक ऐसे समझौते पर सहमत हो गया है, जिसके तहत वह परमाणु हथियार नहीं बनाएगा, लेकिन बाद में उन्होंने इस तरह की प्रतिबद्धता जताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, वे झूठे हैं। हमने समझौता किया। सभी सहमत थे। कोई परमाणु हथियार नहीं। हमने समझौता किया। वे बाहर गए, प्रेस से बात की और उन्होंने कहा कि हमने इस बारे में कभी बात ही नहीं की।
दरअसल, हाल ही में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास 3 जहाजों पर हमला किया था। ईरान ने आरोप लगाया कि ये जहाज उसके निर्देशों का पालन नहीं कर रहे थे। इसके बाद में अमेरिकी सेना ने शहीद हक्कानी बंदरगाह समेत 80 ईरानी ठिकानों पर हमला किया। इसके जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले किए। ईरान ने दावा किया कि उसने एक अमेरिकी ड्रोन भी मार गिराया।

