त्रासदी: खाना लेने आए भूखे लोगों पर बरसीं गोलियां, 32 की लोगों की मौत
राफा। दक्षिणी गाजा से बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर यह है कि यहां रविवार को खाना बांटने के दौरान फिर से गोलीबारी हुई जिसमें 32 फिलिस्तीनी लोगों की मौत हो गई है। इजराइली सेना ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि सहायता वितरण केंद्र के पास उनके सैनिकों की गोलीबारी से कोई घायल हुआ हो। सेना ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों और गाजा मीडिया कार्यालय के अनुसार, यह गोलीबारी राफा में एक सहायता वितरण स्थल और नेत्जारिम कॉरिडोर पर हुई। राफा में 31 लोगों की मौत और 200 से अधिक घायल होने की पुष्टि की गई, जबकि नेत्जारिम क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत और 32 घायल बताए जा रहे हैं। पिछले दिनों हजारों फलस्तीनी दक्षिणी गाजा में खुले जीएचएफ के एक सेंटर पर खाना लेने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां हंगामा शुरू हो गया और इजरायली सैनिकों ने गोलियां चला दी। इसके बाद खाना लेने के लिए पहुंची भीड़ ने सेंटर को तहस नहस कर दिया।

