तैयारी: राष्ट्रपति के दौरे को लेकर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के डीएम ने दिये निर्देश
चमोली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 08 नवम्बर को प्रस्तावित बदरीनाथ दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने गुरूवार को सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये हैं कि राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान बदरीनाथ में आवागमन रूट एवं मंदिर परिसर में सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जाएं। हेलीपैड से साकेत तिराहे तक मार्ग को गड्ढा मुक्त करें और फ्लीट वाहनों की समुचित व्यवस्था की जाए। नगर पंचायत एवं मंदिर समिति को कार्यक्रम स्थल पर विशेष साफ सफाई रखने तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्यक्रम स्थल, आवागमन के दौरान मय चिकित्सक एम्बुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिये।

इसके साथ ही विद्युत विभाग को कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रोटोकॉल के अनुसार समस्त व्यवस्थाओं की चेक लिस्ट तैयार की जाए और उसके अनुसार समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए और संबधित विभाग व्यवस्थाओं को लेकर सर्टिफिकेट भी उपलब्ध करें। ड्यूटी पर तैनात समस्त अधिकारियों एवं कार्मिकों को फोटो के साथ आईडी पास जारी किए जाए।
इस दौरान एसपी रेखा यादव, सीडीओ डॉ ललित नारायण मिश्र, अपर जिला अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम डॉ दीपक सैनी, एसडीएम कुमकुम जोशी, सीटीओ मामूर जहां आदि मौजूद रहे।

