शिकंजा: घायल की पीट-पीट कर हत्या करने वाले तीन धरे, अन्य की तलाश जारी
घटना के 48 घंटे के भीतर हत्या के मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपी गिरफ्त में
मृतक के भाई की तहरीर पर प्रभावी धाराओं में तत्काल हुआ था दर्ज मुकदमा
मंगलौर। एक नवंबर को कुछ लोगों ने मेडिकल करा कर वापस लौट रहे घायल की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार लंढोरा निवासी पंकज ने कोतवाली मंगलौर में लिखित शिकायती प्रार्थनापत्र देकर बताया कि विपिन और 12 अन्य लोगों ने शिकायतकर्ता के घर में घुस कर गाली गलौज व मारपीट की। इस मारपीट में घायल परिजन जब मेडिकल कराकर घर लौट रहे थे तो रास्ते में घात लगाकर इन लोगों ने फिर से पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया। जिसमें लाठी-डंडों से की जा रही मारपीट के कारण उसके भाई सूर्य की मृत्यु हो गई।
मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों विशाल पुत्र जगदीश निवासी अकोडा खुर्द कोतवाली लक्सर, विपिन उर्फ रावण पुत्र ओमप्रकाश निवासी कस्बा लंढोरा कोतवाली मंगलौर हरिद्वार और विक्की पुत्र जगपाल निवासी हरिजन बस्ती वार्ड नंबर एक कस्बा लंंढोरा मंगलौर को लंढोरा से धर दबोचा। गिरफ्त में आए आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी डण्डे भी बरामद किए गए।
पुलिस टीम
1-वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रमोद कुमार
2-उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह
3-हेड कांस्टेबल शूरवीर
4-कांस्टेबल मनीष
5-कांस्टेबल अरुण चमोली
6-कांस्टेबल दिनेश शर्मा

