जालसाज़: जमीन बेचने के नाम पर दिल्ली निवासी से हड़प लिए 50 लाख रुपए, जांच शुरू

जालसाज़: जमीन बेचने के नाम पर दिल्ली निवासी से हड़प लिए 50 लाख रुपए, जांच शुरू
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  प्रेमनगर इलाके में सस्ते दाम में जमीन बेचने की डील कर दिल्ली के दो व्यक्तियों से 50 लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोपी रकम लेने के बाद लंबे समय तक पीड़ित को चक्कर कटाते रहे। दबाव बनाया तो उन्हें धमकी दी गई। मामले में मंगलवार को प्रेमनगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। धोखाधड़ी नेहरू विहार, दिल्ली निवासी नत्थूराम और उनके साथी से हुई। एसओ प्रेमनगर गिरीश नेगी ने बताया कि मुकदमे में मोहम्मद शमशाद, निवासी गली नंबर एक, फूटा मार्ग के पास आर्यानगर, देहात, गाजियाबाद, उसके बेटे आमिर दामाद नदीम उर्फ गोलू और हरीश कुमार को आरोप बनाया गया है।पीड़ित का आरोप है कि मंजूर व हाजी युनुस के माध्यम से शमशाद से मुलाकात हुई थी। आरोपियों ने ईस्ट होपटाउन, प्रेमनगर में 16,000 रुपये प्रति गज के हिसाब से 250 वर्ग गज जमीन अपने परिचित की बताकर फर्जी सौदा कराया और आठ नवंबर 2023 को विकास नगर तहसील में 50 लाख रुपये नकद व बैंक के माध्यम से वसूल लिए। हरीश कुमार को फर्जी मालिक बनाकर यह रजिस्ट्री करवाई गई। पीड़ित को बाद में पता चला कि स्टाम्प ड्यूटी के पैसे जमा नहीं हुए और जमीन फर्जी है तो उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। तब उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। इसके बाद पीड़ित ने मुख्यमंत्री और एसएसपी को अपनी शिकायत भेजी। जिस पर शुरुआती जांच के बाद मंगलवार को पुलिस ने चोरों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Parvatanchal