सनसनीख़ेज़: रामणी गांव के मेला मैदान में छात्र-छात्रा के शव मिलने से सनसनी, घटना की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
चमोली। विकासखंड के रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मेला मैदान स्थित मंच पर एक छात्र और छात्रा के शव एक साथ मिले। मृतकों की पहचान गांव निवासी सुनील और रिया के रूप में हुई है। सुनील कक्षा 12 का छात्र था, जबकि रिया कक्षा 11 में पढ़ती थी। दोनों के शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने मेला मैदान के मंच पर दोनों के शव पड़े देखे। इसके बाद ग्राम प्रधान को सूचना दी गई और पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही नंदानगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं, लेकिन पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों, दोनों के आपसी संबंध और घटना से पहले की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटा रही है।
एक ही गांव के दो स्कूली छात्र-छात्रा के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से रामणी गांव में मातम पसरा है। ग्रामीण घटना की निष्पक्ष जांच कर मौत की असली वजह सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

