जंग: अमेरिका का ईरान पर भीषण हमला, बुशहर-चाबहार समेत कई शहरों में धमाके; 3 की मौत

जंग: अमेरिका का ईरान पर भीषण हमला, बुशहर-चाबहार समेत कई शहरों में धमाके; 3 की मौत
Spread the love

वाशिंगटन/तेहरान(RNS)। अमेरिका ने देर रात ईरान पर फिर हमले किए हैं। बुशहर, चाबहार, बंदर अब्बास, सीरिक और कोनारक समेत कई शहरों में सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर धमाके हुए। ईरानी मीडिया के अनुसार, देश के दक्षिणी तटीय इलाकों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गई हैं और ईरान के नियंत्रण वाले द्वीपों को निशाना बनाया गया। इन हमलों में 3 लोगों की मारे जाने की खबर है। हमले से ठीक पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी थी।
अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य को समुद्री यातायात के लिए खुला रखने के लिए ईरान पर नए सिरे से हमले किए हैं। इन हमलों से ईरान के दक्षिणी तट पर स्थित कई शहर दहला गए और कुछ इलाकों में बिजली गुल हो गई। अमेरिकी सेना ने लिखा, अमेरिकी केंद्रीय कमान बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता को खतरे में डालने की ईरान की क्षमता को कम करने के लिए अतिरिक्त हमले शुरू कर दिए हैं।
ईरानी मीडिया ने सिरिक, बुशहर, कोनारक और चाबहार में धमाकों की खबर दी है। सिरिक में बंदरगाह पर हमला हुआ है। वहीं, ईरान के सबसे बड़े बंदरगाह बंदर अब्बास पर भी 8 धमाके हुए हैं। अमेरिका ने उत्तरी ईरान के अक्काला के पास एक रेलवे पुल पर भी हमला किया है।
सूत्रों ने बताया कि दक्षिणपूर्वी ईरान के एक हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक दमकलकर्मी की मौत हो गई है।
ईरानशहर में भी विस्फोटों की खबर मिली है, वहीं, दक्षिणी ईरान के सिरिक में 3 धमाकों की आवाज सुनी गई।
रिपोर्ट के अनुसार, अबू मूसा द्वीप पर 2 धमाके हुए है। 2 अमेरिकी मिसाइलें बुशहर में गिरीं और जास्क में कई विस्फोटों की खबर है। चाबहार और कोनारक में करीब 10 विस्फोटों की खबर है। अमेरिकी हमलों के कारण शाहिद बेहेश्टी बंदरगाह, कलंतरी बंदरगाह और चाबहार में समुद्री यातायात नियंत्रण टावर को नुकसान पहुंचा है।
ईरान ने कहा कि उसने अमेरिकी हमलों के जवाब में बहरीन और कुवैत में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले किए हैं। कुवैत की सेना ने कहा कि उसके वायु रक्षा तंत्र ने शत्रुतापूर्ण मिसाइल और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया है। बहरीन के आंतरिक मंत्रालय ने कहा है कि चेतावनी के सायरन बजाए गए हैं। मंत्रालय ने नागरिकों से शांत रहने और निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने का आग्रह किया है।
बुधवार को नाटो सम्मेलन के दौरान तुर्की में ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ युद्धविराम समझौता खत्म हो गया है। उन्होंने कहा था, मेरे लिए, मुझे लगता है कि यह सब खत्म हो चुका है। मैं ईरानियों से निपटना नहीं चाहता। वे नीच हैं, वे बीमार लोग हैं। उनका नेतृत्व बीमार लोग कर रहे हैं और वे क्रूर, हिंसक लोग हैं। इसके बाद उन्होंने संकेत दिए थे कि अमेरिका ईरान पर हमला कर सकता है।

Parvatanchal